चतरा: जिले में एक आवासीय विद्यालय की छात्रा के गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. मामला हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय से जुड़ा बताया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार छात्रा छुट्टी के दौरान अपने घर गई थी, जहां परिजनों ने उसके पेट में बदलाव देख पूछताछ की. इसके बाद मामला सामने आया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया.
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन विद्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में हंटरगंज थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है. थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रा का बयान दर्ज किए जाने के बाद पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और स्कूल प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं. प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है.

