सरायकेला: जिले की कानून- व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सोमवार को महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव करते हुए आदित्यपुर और गम्हरिया थाना क्षेत्रों में नए थाना प्रभारियों की नियुक्ति की है.


जारी आदेश के अनुसार अंजनी कुमार सिंह को आदित्यपुर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि संजय प्रसाद को गम्हरिया थाना की कमान सौंपी गई है. पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव को जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
आदित्यपुर और गम्हरिया दोनों थाना क्षेत्र जिले के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाकों में शामिल हैं. औद्योगिक नगरी आदित्यपुर में बड़ी संख्या में उद्योग संचालित होते हैं, वहीं गम्हरिया क्षेत्र भी तेजी से विकसित हो रहे शहरी और औद्योगिक क्षेत्रों में गिना जाता है. ऐसे में नए थाना प्रभारियों के सामने अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, जन शिकायतों का त्वरित निष्पादन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
पुलिस अधीक्षक के इस फैसले के बाद आम लोगों और पुलिस विभाग को उम्मीद है कि नए थाना प्रभारी क्षेत्र में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करेंगे. साथ ही लंबित मामलों के निष्पादन, अपराधियों पर कार्रवाई और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष फोकस रहेगा.
जिले में हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और विभिन्न संवेदनशील मामलों के बीच हुए इस प्रशासनिक बदलाव को पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा और जवाबदेही लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

