सरायकेला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को सरायकेला- खरसावां जिला भाजपा की ओर से टाउन हॉल परिसर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया. देश के विभिन्न हिस्सों में भाजपा की ओर से 7 अक्टूबर को इसी अवसर पर सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सभा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए. मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था.


जिला भाजपा अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. टाउन हॉल परिसर में बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन दिखाया गया. संबोधन समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर सेवा ज्योति यात्रा निकाली. यात्रा टाउन हॉल से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्र से गुजरी. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े संदेश दिए.
राजनीति सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम- हरे कृष्णा प्रधान
जिला भाजपा अध्यक्ष हरे कृष्णा प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को पार्टी सेवा और समर्पण की यात्रा के रूप में देखती है. उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा की मशाल राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ जनसमस्याओं के समाधान और जरूरतमंदों की सहायता में सक्रिय रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए. कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
प्रमोद सिंह (संपादक)

