सरायकेला: पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में कुल 11 वारंटियों और फिरारियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह अभियान 9 सितंबर की रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया.


पुलिस के मुताबिक आदित्यपुर थाना पुलिस ने सर्वाधिक तीन NBW आरोपियों को गिरफ्तार किया. वहीं आरआईटी थाना पुलिस ने एक NBW आरोपी, राजनगर थाना पुलिस ने एक NBW आरोपी, कपाली ओपी पुलिस ने एक NBW आरोपी और चौका थाना पुलिस ने एक NBW आरोपी को गिरफ्तार किया.
गम्हरिया थाना क्षेत्र में दो NBW का निष्पादन किया गया. इसके अलावा सरायकेला थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक कांड में और एक वारंट के मामले में शामिल बताया गया है.
इस तरह जिले के आदित्यपुर, गम्हरिया, आरआईटी, सरायकेला, राजनगर, कपाली ओपी और चौका थाना क्षेत्रों में पुलिस ने एक साथ कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार अभियान में कुल 11 वारंटियों/ फिरारियों को गिरफ्तार किया गया.
जिले में लंबित वारंटों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. एक ही रात में विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई को फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

