सरायकेला: वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आमदा ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने एक स्थायी वारंटी और एक गैर-जमानती वारंटी को गिरफ्तार किया है.


पुलिस के अनुसार जी.ओ. (एक्सई) 29/2013 मामले के स्थायी वारंटी करन चाकी, पिता चेचे चाकी, निवासी पांडुआ को गिरफ्तार किया गया. वहीं एनबीडब्ल्यू वारंटी मांगता पाड़िया, पिता स्वर्गीय शंकर पाड़िया, निवासी गीतिलता को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया.
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों में हड़कंप मचा हुआ है.
आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने बताया कि वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है. उन्होंने कहा कि न्यायालय से जारी वारंट का अनुपालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है.
ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी वारंटी के फरार रहने की सूचना मिलने पर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि कानून से बचकर लंबे समय तक कोई नहीं रह सकता. न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
संपादक: प्रमोद सिंह

