गोड्डा: पथरगामा थाना पुलिस ने हाईवे पर लूटपाट की बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम करते हुए तीन संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो देशी कट्टे बरामद किए हैं. मौके से एक दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी जब्त की गई है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है.



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पथरगामा थाना क्षेत्र निवासी भोला सिंह उर्फ प्रेमशंकर सिंह, पप्पू पंडित उर्फ हेमंत पंडित और रितेश कुमार के रूप में हुई है. मामले को लेकर पथरगामा थाना में कांड संख्या 90/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
दुर्घटनाग्रस्त बाइक ने खोली लूट की साजिश. पुलिस के अनुसार पथरगामा थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि तेलनी मोड़ हाईवे के पास एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. बाइक सवार युवकों के पास हथियार होने की सूचना भी पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
मौके पर पुलिस को एक युवक घायल अवस्था में मिला. पूछताछ में उसकी पहचान भोला सिंह उर्फ प्रेमशंकर सिंह के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार पूछताछ में भोला ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ हाईवे पर वाहनों को रोककर लूटपाट करने के इरादे से निकला था. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया.
अस्पताल में मिले दो अन्य साथी. घायल भोला सिंह को पुलिस ने इलाज के लिए पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि उसके दो अन्य साथी भी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं. पुलिस ने वहां पहुंचकर पप्पू पंडित और रितेश कुमार को हिरासत में लिया.
तीनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखे गए दो देशी कट्टे बरामद किए. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले हाईवे पर किसी लूट, डकैती या अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम दिया है या नहीं.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी. एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, हथियारों के स्रोत और पूर्व की आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस को आशंका है कि हाईवे पर लूटपाट के लिए गिरोह पहले भी रेकी कर चुका हो सकता है.
पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर संभावित लूट की एक बड़ी वारदात टल गई. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.





