सरायकेला/ Pramod Singh नगर क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित अभिभावक- शिक्षक गोष्ठी में नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है. यह कार्यक्रम नृपराज मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सुषमा तियु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं. वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापक अंबिका प्रधान सहित शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे. अपने संबोधन में मनोज चौधरी ने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के साथ- साथ उनके आचरण पर भी ध्यान देने की अपील की. उन्होंने छात्रों से भी आग्रह किया कि वे अगली बैठक में अपने अभिभावकों को साथ लाएं, ताकि संवाद को और मजबूत बनाया जा सके.

स्कूल में छात्रों की कम उपस्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि सभी क्लास टीचर अभिभावकों से सीधा संपर्क स्थापित करें और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्वागत गान और नृत्य- नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया.
इस पहल से अभिभावकों में उत्साह देखा गया और उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयासों से शिक्षा का स्तर बेहतर होगा.
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज चौधरी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी जरूरी है. अभिभावक- शिक्षक गोष्ठी के माध्यम से शिक्षा सुधार की यह पहल सरायकेला में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है.

