सरायकेला: राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत कुचाई प्रखंड के रूगुडीह पंचायत भवन में दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने एवं किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से बुधवार को उड़द बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पंचायत क्षेत्र के 45 किसानों के बीच उन्नत किस्म के उड़द बीज का वितरण किया गया.



कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) लिबनुस हेंब्रम, बीटीएम राजेश कुमार तथा रूगुडीह पंचायत के मुखिया करम सिंह मुंडा उपस्थित रहे. अतिथियों ने संयुक्त रूप से किसानों के बीच बीज का वितरण किया और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की जानकारी दी.
इस अवसर पर बीएओ लिबनुस हेंब्रम ने कहा कि राज्य सरकार एवं कृषि विभाग किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहे हैं. उड़द जैसी दलहनी फसलें मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के साथ कम लागत में बेहतर उत्पादन और अधिक लाभ का अवसर प्रदान करती हैं. उन्होंने किसानों से समय पर बुवाई करने तथा विभाग के तकनीकी सुझावों का पालन करने की अपील की.
बीटीएम राजेश कुमार ने किसानों को बीज की उचित मात्रा, खेत की तैयारी, उर्वरक प्रबंधन तथा रोग एवं कीट नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने कृषि विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी किसानों को प्रेरित किया.
मुखिया करम सिंह मुंडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि आजीविका का प्रमुख आधार है. सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे गुणवत्तापूर्ण बीज और कृषि सुविधाओं का लाभ उठाकर किसान अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा सकते हैं. उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में लिबनुस हेंब्रम, राजेश कुमार, करम सिंह मुंडा, चंद्रमोहन मुंडा, अनंत सिंह मुंडा, भोंज सिंह मुंडा, सिंगराय मुंडा, संतोष मुंडा, घनश्याम मुंडा, मंगल मुंडा, गुरूचरण मुंडा, योशदा देवी, सरिता कुमारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.





