सरायकेला: नगर पंचायत की सामान्य बैठक सोमवार को नपं सभाकक्ष में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की. बैठक में बिजली, सड़क और नाली से जुड़े मुद्दों पर JUVNL, JRDCL और JUSCO के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक में JUSCO द्वारा किए जा रहे विद्युत कार्य की प्रगति केवल 20 से 25 प्रतिशत पाई गई, जिस पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. साथ ही नए बिजली कनेक्शन के आवेदनों को एक सप्ताह के भीतर स्वीकृत करने को कहा गया.
पोल गाड़ने से पहले नगर पंचायत से समन्वय करने और टोल-फ्री नंबर का व्यापक प्रचार करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि बिजली बाधित होने पर आम लोगों को तुरंत सुविधा मिल सके.
जल कनेक्शन शुल्क पर पुनर्विचार करने की बात भी बैठक में उठी, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके. वहीं, एक घंटे से अधिक बिजली बाधित रहने पर त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश JUVNL को दिया गया.
बैठक में यह भी तय किया गया कि अत्यावश्यक स्थिति को छोड़कर व्यस्त समय में बिजली कटौती नहीं की जाएगी. पूर्व बैठक की समीक्षा करते हुए फीडर अलग करने, AB स्विच लगाने और पेड़ों की कटाई जैसे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई.
नगर क्षेत्र में झूलते बिजली तारों को ठीक करने के लिए ट्रे लगाने का निर्देश दिया गया. साथ ही आगामी महोत्सव को देखते हुए नाली सफाई और स्ट्रीट लाइट मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश JRDCL को दिए गए.
गैरेज चौक से बिरसा चौक के बीच जल जमाव की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर जल्द कार्रवाई करने को कहा गया.
बैठक में उपाध्यक्ष अविनाश कवि, विभिन्न वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक सुमित सुमन समेत JUSCO, JUVNL और JRDCL के कई अधिकारी उपस्थित रहे. अंत में अध्यक्ष ने सभी को आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की.

