जमशेदपुर/ Afroz Mallik मानगो स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान युवक की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली.

विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद के साथ सरयू राय मानगो रोड नंबर 13 स्थित मृतक रियान आलम के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से बातचीत की. परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के कारण रियान आलम की मौत हुई है.
इस दौरान विधायक ने कहा कि मृतक को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी और वह केवल अपेंडिक्स का इलाज कराने नर्सिंग होम गया था. लेकिन इलाज के दौरान कहीं न कहीं गड़बड़ी हुई, जिसके कारण उसकी जान चली गई. उन्होंने बताया कि परिवार की ओर से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है. पुलिस से बातचीत में यह भी सामने आया है कि जब जांच के लिए टीम नर्सिंग होम पहुंचती है, तो वह बंद मिलता है और सहयोग नहीं किया जा रहा है.
विधायक सरयू राय ने कहा कि उन्होंने सिविल सर्जन को जांच के निर्देश देने की मांग की है और उपायुक्त से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस मौके पर मृतक के पिता महमूद आलम, भाई साबिर आलम समेत परिवार के अन्य सदस्य और कई स्थानीय लोग मौजूद रहे.

