
सरायकेला: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को सरायकेला थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनय कुमार ने की. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, सर्किल इंस्पेक्टर, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य, अखाड़ा समिति के सदस्य, शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे.


बैठक में मोहर्रम जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. प्रशासन ने सभी लोगों से पर्व को शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की.

प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष सरायकेला क्षेत्र में पूर्व वर्षों की तरह चार स्थानों से मोहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा. सभी अखाड़ा समितियों को निर्धारित रूट, समय और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने कहा कि मोहर्रम आस्था और परंपरा का पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग से शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा. उन्होंने लोगों से अफवाहों और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने स्पष्ट किया कि आपत्तिजनक पोस्ट या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और आम जनता की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने बताया कि जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, नियमित पेट्रोलिंग और त्वरित कार्रवाई दल तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी स्थिति से तत्काल निपटा जा सके. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की.
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य सहित अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी सहयोग बनाए रखने पर बल दिया. सभी उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


