सरायकेला/ Pramod Singh सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर गांव से 26 मार्च को लापता हुआ 13 वर्षीय सूरज सरदार रविवार को सकुशल अपने घर लौट आया. उसके साथ उसका दोस्त 13 वर्षीय रोहित पूर्ति भी घर से भागा था, जिसे पहले ही रेलवे पुलिस द्वारा बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया था.

नाबालिग के सुरक्षित लौटने से परिजनों में खुशी का माहौल है. जानकारी के अनुसार, सूरज सरदार अपने दोस्त रोहित पूर्ति के साथ बिना बताए घर से निकल गया था. इसके बाद परिजनों ने सीनी ओपी में इसकी सूचना दी थी. मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आ गई और दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई.
रविवार को जैसे ही सूरज सरदार अपने घर वापस पहुंचा, परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. इस मामले में सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद से ही पुलिस लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हुई थी. एक टीम को पुरी भी भेजा गया था, लेकिन इससे पहले ही बच्चा स्वयं घर लौट आया. फिलहाल बच्चे से पूछताछ कर आगे की प्रक्रिया की जा रही है. समय रहते बच्चे की सुरक्षित वापसी से एक बड़ी अनहोनी टल गई है. वहीं पुलिस ने भी राहत की सांस ली है.

