सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. जहां सरायकेला- टाटा मार्ग पर प्रखंड कार्यालय के समीप दो बाइकों की जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय निजित कुमार महतो अपनी बाइक से सरायकेला बाजार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे 20 वर्षीय जितेन कुमार महतो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से रोड एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि निजित कुमार महतो मेटालसा कंपनी में कार्यरत हैं और किसी आवश्यक कार्य से सरायकेला आ रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

