सरायकेला: सावन की भक्ति में सरायकेला पूरी तरह शिवमय नजर आया. युवा भैरव संघ की ओर से निकाली गई विशाल कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. भगवा रंग में रंगी सड़कों पर हाथों में कांवड़ और जुबां पर ‘बोल बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा.



कांवड़ यात्रा संजय नदी से शुरू होकर करीब छह किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कुदरसाईं मंदिर पहुंची. यात्रा में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए. रास्ते में जगह-जगह लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया और पानी, फल सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराकर सेवा की.
यात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां भी शामिल रहीं, जो लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं. कांवड़ियों का जत्था जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया.
कुदरसाईं मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया. करीब छह किलोमीटर तक गूंजते ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष ने पूरे सरायकेला को भक्ति के रंग में रंग दिया.
प्रमोद सिंह (संपादक)





