सरायकेला: ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ मेला-2026 के सफल समापन के बाद श्री जगन्नाथ मेला समिति, थाना चौक, सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी भावुक हो उठे. उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, श्रीबलभद्र एवं देवी सुभद्रा के श्रीचरणों में कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पूरे सरायकेला शहर, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सेवायतों, समिति सदस्यों, कलाकारों, स्वयंसेवकों तथा लाखों श्रद्धालुओं के प्रति आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि रथ मेला-2026 की ऐतिहासिक सफलता पूरे सरायकेला परिवार की सामूहिक श्रद्धा, सेवा, समर्पण और सहयोग का परिणाम है.



मनोज चौधरी ने कहा कि वर्ष का दूसरा सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन श्री जगन्नाथ रथ यात्रा एवं दस दिवसीय रथ मेला पूरी श्रद्धा, अनुशासन, सौहार्द और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया. उन्होंने कहा कि महाप्रभु की असीम कृपा और सभी के सहयोग से सरायकेला ने एक बार फिर अपनी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का गौरव पूरे प्रदेश के सामने प्रस्तुत किया.
उन्होंने मेला समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अथक परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि गुंडिचा मंदिर की साज-सज्जा, विराट देवसभा की झांकी, मीना बाजार, झूले, भोग-प्रसाद, आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा संपूर्ण मेला व्यवस्था को सफल बनाने में सभी सदस्यों ने दिन-रात सेवा भाव से कार्य किया.
समिति अध्यक्ष ने प्रधान पुरोहित पंडित ब्रह्मानंद महापात्र, सानो आचार्य, श्री जगन्नाथ सेवा समिति के सभी सेवायतों, धार्मिक अनुष्ठानों से जुड़े आचार्यों, कलाकारों, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था से जुड़े सहयोगियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में योगदान देने वाले सभी कलाकारों और स्वयंसेवकों का विशेष आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और श्रद्धा के साथ किया, जिससे आयोजन की भव्यता कई गुना बढ़ गई.
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा नगर पंचायत सरायकेला की भूमिका की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, थाना प्रभारी विनय कुमार एवं पूरी पुलिस टीम की मुस्तैदी, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय के कारण लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद पूरा आयोजन सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ. वहीं नगर पंचायत के अधिकारियों एवं सफाई कर्मियों ने निरंतर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखकर अनुकरणीय सेवा का परिचय दिया.
मनोज चौधरी ने विपद तारिणी व्रत के अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचीं माताओं एवं बहनों की श्रद्धा, अनुशासन और सहयोग को भी नमन किया. उन्होंने कहा कि रथ मेला-2026 की सफलता महाप्रभु श्री जगन्नाथ की असीम कृपा और सरायकेला की श्रद्धालु जनता के अटूट विश्वास का प्रतिफल है. इस महाआयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का योगदान समान रूप से महत्वपूर्ण है.
नीलाद्रि विजय के उपरांत भावुक होते हुए समिति अध्यक्ष ने कहा, “आज गुंडिचा मंदिर का सिंहासन भले ही रिक्त हो गया हो, लेकिन सरायकेला की आस्था और श्रद्धा अब अगले वर्ष महाप्रभु के पुनः आगमन की प्रतीक्षा कर रही है. प्रभु, अगले बरस जल्दी आइए. आपके बिना यह आंगन सचमुच सूना लगता है.”
प्रमोद सिंह (संपादक)





