चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल गोलचक्कर के समीप रविवार को एक पेट्रोल कंटेनर के इंजन में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई. हालांकि समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग कंटेनर के इंजन वाले हिस्से में लगी थी. यदि आग पेट्रोल टैंक तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे भारी जनहानि और संपत्ति के नुकसान की आशंका थी.
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं हाईवे किंग शेखर गांगुली भी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए. पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त प्रयास से आग को टैंक तक फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए. समय रहते आग पर काबू पा लेने से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
स्थानीय लोगों ने चांडिल पुलिस की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए थाना प्रभारी संतान कुमार तिवारी तथा राहत कार्य में सहयोग करने वाले शेखर गांगुली के प्रयासों की प्रशंसा की. लोगों का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो स्थिति भयावह हो सकती थी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





