सरायकेला: काली पूजा को लेकर सरायकेला नगर पंचायत ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत की ओर से श्मशान काली मंदिर परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के निर्देश पर चल रहे इस अभियान में सफाई कर्मचारियों के साथ स्थानीय भक्तगण भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं.


नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने स्वयं श्मशान काली मंदिर परिसर पहुंचकर सफाई अभियान का निरीक्षण किया. उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे साफ-सफाई कार्यों का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने विशेष रूप से मंदिर परिसर के आसपास की सफाई, कचरे का उचित निस्तारण और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने पर जोर दिया.
इस अभियान में मंदिर से जुड़े प्रदीप साहू, सत्यम पटनायक सहित अन्य भक्तगण भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं. नगर पंचायत अध्यक्ष ने सभी सहयोगियों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया.
इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि पर्व-त्योहार केवल आस्था और श्रद्धा का अवसर नहीं होते, बल्कि ये सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और स्वच्छता के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक हैं. काली पूजा सहित सभी पर्वों को स्वच्छ, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख पूजा स्थलों, घाटों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसके लिए अधिकारी, कर्मचारी और स्वच्छताग्राही पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.
मनोज चौधरी ने आम नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है. सभी लोग पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तथा स्वच्छता अभियान में अपना सहयोग दें.
मौके पर टैक्स कलेक्टर प्रहलाद साहू, सुपरवाइजर बब्बन सिंह, समीर कुमार सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

