सरायकेला: उपायुक्त- सह- जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई. बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में छूटे पात्र विद्यार्थियों और 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.



जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि अपने-अपने संस्थानों में ऐसे विद्यार्थियों की सूची तैयार करें, जिनकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. इसके अलावा 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों को भी चिह्नित कर उन्हें मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देने को कहा गया.
उन्होंने पात्र विद्यार्थियों को फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र युवा का लोकतांत्रिक अधिकार और जिम्मेदारी है.
सभी शैक्षणिक संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने तथा नाम जोड़ने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग करने का निर्देश दिया गया. जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि शैक्षणिक संस्थानों में हेल्प डेस्क मैनेजर के माध्यम से मतदाता सूची में छूटे पात्र विद्यार्थियों को चिह्नित किया जा रहा है. विद्यार्थियों को विशेष गहन पुनरीक्षण, ऑनलाइन फॉर्म-6 और ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जा रही है.
उन्होंने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से हेल्प डेस्क मैनेजर को सहयोग करने तथा पात्र विद्यार्थियों को मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की. साथ ही विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से निर्वाचन साक्षरता क्लब की गतिविधियां आयोजित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.





