सरायकेला: आगामी दुर्गापूजा को लेकर सरायकेला- खरसावां पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. सोमवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी आदित्यपुर पहुंचे और पूजा पंडालों से लेकर पार्किंग, ट्रैफिक एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया.


निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों और पूजा समितियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली. विशेष रूप से आदित्यपुर की यातायात व्यवस्था और पूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.

एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा और विधि- व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. भीड़ वाले स्थानों, प्रमुख पूजा पंडालों और पार्किंग स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया.
निरीक्षण के दौरान नगर निगम, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग के अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे. एसपी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी रखने को कहा.

आदित्यपुर में दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में पहुंचते हैं. जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां जिले की सीमा से जुड़े होने के कारण यहां यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पुलिस- प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण रहती है. इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन इस बार पहले से ही तैयारियों की समीक्षा में जुटा है.

