जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को एसपी शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए. बैठक में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, सुरक्षा व्यवस्था तथा आगामी दुर्गापूजा को लेकर पुलिस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई.


बैठक में बताया गया कि सितंबर 2026 में जिले में कुल 226 वारंटों का निष्पादन किया गया. वहीं विभिन्न कांडों में वांछित 34 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया. एसपी ने महत्वपूर्ण अपराधों में फरार चल रहे अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा स्थायी वारंट सहित अन्य लंबित वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन करने तथा नए दर्ज मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने को कहा. गंभीर अपराधों में शामिल अपराधकर्मियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के साथ हाल में जेल से बाहर आए अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश भी दिया गया.
साइबर अपराधियों पर लगातार कार्रवाई के निर्देश
जिले में साइबर ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए साइबर अपराधियों के संबंध में लगातार सूचना एकत्र करने और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने का निर्देश दिया गया. एसपी ने साइबर अपराध में संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा.
दुर्गापूजा को लेकर बढ़ेगी पुलिस की चौकसी
आगामी दुर्गापूजा 2026 को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का निर्देश दिया गया. सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से सघन गश्ती और एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाने को कहा गया. बैंक, एटीएम, आभूषण दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
एसपी ने एंटी क्राइम वाहन जांच के समय और स्थान में बदलाव करते रहने तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस निरीक्षकों को करने का निर्देश दिया.
पूजा समितियों के साथ बैठक और संवेदनशील स्थलों की पहचान
दुर्गापूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की पूजा समितियों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया. संवेदनशील स्थलों की पहचान, पूर्व के विवादों का सामाजिक स्तर पर समाधान, विसर्जन मार्ग का सत्यापन तथा असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया.
इसके साथ ही सोशल मीडिया ग्रुपों पर कड़ी निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता पर जोर
एसपी ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया. थाना और अनुमंडल स्तर पर साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, महिला अपराध, बाल विवाह, डायन-बिसाही सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने पर भी जोर दिया गया.
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता के साथ मित्रवत व्यवहार रखने तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
रिपोर्ट. मनीष बर्णवाल

