सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले में चल रही निर्माण एवं विकास योजनाओं को निर्धारित समय- सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है. गुरुवार को समाहरणालय सभागार में कार्य प्रमंडलों से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने लंबित कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया.


बैठक में विभिन्न कार्य प्रमंडलों के तहत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी लेते हुए लंबित और निर्माणाधीन योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को कार्यस्थल स्तर पर नियमित अनुश्रवण करने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया.
आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश
उपायुक्त ने PMABHIM और 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया.
इसके साथ ही पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लंबित भुगतान का मामला भी बैठक में उठा. उपायुक्त ने ऐसे मामलों में भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि अनावश्यक रूप से भुगतान लंबित न रहे.
वन विभाग की NOC में फंसी योजनाओं का निकालें समाधान
योजनाओं के क्रियान्वयन में वन विभाग से संबंधित NOC की समस्या पर उपायुक्त ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इसका शीघ्र समाधान निकालने का निर्देश दिया. NOC अथवा अन्य विभागीय स्वीकृतियों के कारण लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए. विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि स्वीकृत योजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो और उनका लाभ निर्धारित समय पर संबंधित क्षेत्रों के लोगों तक पहुंच सके.
बैठक में भवन निर्माण, विद्युत, लघु सिंचाई और विशेष प्रमंडल समेत विभिन्न कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

