चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो स्थित पांडे ढाबा के समीप गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतकों की पहचान करीब 20 वर्षीय सुभाष कर्मकार और 19 वर्षीय लाया मुखी के रूप में हुई है. दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई.


जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान डोबो पांडे ढाबा के समीप सफेद रंग की कार संख्या JH02BN- 3464 से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची थी. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए ASI मुन्ना राय ने एम्बुलेंस का इंतजार किए बगैर पुलिस के PCR पेट्रोलिंग वाहन से दोनों को MGM अस्पताल पहुंचाया था. इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया.
बताया जा रहा है कि मृतकों में एक जमशेदपुर के धतकीडीह स्थित मुखी बस्ती, जबकि दूसरा कपाली ओपी क्षेत्र के झोपड़ी बस्ती का रहने वाला था.
पुलिस दुर्घटना में शामिल कार को पहले ही जब्त कर चुकी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार था, इसकी जांच की जा रही है. वास्तविक कारण पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट होगा.
महज 19 और 20 वर्ष की उम्र में दो युवकों की मौत ने दोनों परिवारों को गहरा सदमा दिया है. वहीं हादसे ने डोबो क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहनों की रफ्तार को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

