सरायकेला: चांडिल रेंज अंतर्गत तिरूलडीह क्षेत्र में एक जंगली हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत बिजली के संपर्क में आने से हुई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है.

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी. बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. साथ ही चिकित्सा टीम को भी सूचना दे दी गई है, जो हाथी का पोस्टमार्टम कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है.
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. ऐसे में प्रशासन को सतर्कता बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
Report By Vikash Thakur

