हजारीबाग: जिले के उरीमारी क्षेत्र में रंगदारी और गोलीबारी की वारदातों को लेकर पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गिरोह के कथित सक्रिय सदस्य अंशु दुबे को गिरफ्तार किया. इसके बाद उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने करमाटीला जंगल पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी द्वारा फायरिंग किए जाने का दावा है. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंशु दुबे के बाएं पैर में गोली लगी. घायल अवस्था में उसे हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


घटना की जानकारी मिलने के बाद हजारीबाग SP अमन कुमार रात करीब 12 बजे सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने कैदी वार्ड पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर गोलीबारी से जुड़ा है मामला
पुलिस के अनुसार 26-27 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे उरीमारी स्थित सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर रंगदारी नहीं मिलने से नाराज राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों ने कंपनी के निजी सुरक्षाकर्मी को निशाना बनाकर गोलीबारी की थी. गोली लगने से सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसका इलाज रांची में चल रहा है. घटनास्थल पर राहुल दुबे गिरोह के नाम का पर्चा भी मिला था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए DSP अमित आनंद के नेतृत्व में SIT गठित की गई. जांच के क्रम में पुलिस को अंशु दुबे की कथित संलिप्तता के सुराग मिले, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान अंशु दुबे ने उरीमारी गोलीबारी में अपनी संलिप्तता और करमाटीला जंगल में हथियार व गिरोह के पर्चे छिपाकर रखने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस उसे लेकर जंगल पहुंची.
पुलिस का दावा- छिपाए हथियार से ही कर दी फायरिंग
पुलिस का कहना है कि बरामदगी की कार्रवाई के दौरान अंशु दुबे ने अचानक पुलिस जवानों को धक्का दिया और छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके बाएं पैर में लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे काबू में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस ने मौके से एक 7.62 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, राहुल दुबे गिरोह के दो पर्चे और एक मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही है. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, रंगदारी नेटवर्क और पूर्व की आपराधिक वारदातों में उनकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है.

