कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत गुप्ता ऑटोमोबाइल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार को एक हाईवा के टायरों में अचानक आग लग गई. घटना उस समय हुई जब हाईवा संख्या JH 02BP 2961 कांड्रा की ओर से सरायकेला की तरफ जा रहा था.


मिली जानकारी के अनुसार, हाईवा के लगातार चलने के कारण टायर अत्यधिक गर्म हो गए थे. इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने अचानक टायरों में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं. पेट्रोल पंप के समीप आग लगने की घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुप्ता ऑटोमोबाइल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला. कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और अपनी तत्परता एवं सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया.
पेट्रोल पंप के ठीक सामने आग लगने के कारण स्थिति काफी संवेदनशील हो गई थी. यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो पेट्रोल पंप तक आग पहुंचने से बड़ी दुर्घटना हो सकती थी और भारी जान-माल का नुकसान होने की आशंका थी.
पेट्रोल पंप कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय लोगों ने भी कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

