सरायकेला : खरसावां पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक लाल वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया है. पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चल रहे वारंटी गिरफ्तारी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान केदार बोयपाई उर्फ फली, निवासी रामचंद्रपुर बस्ती, थाना खरसावां के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध जीआर संख्या-465/08 तथा खरसावां थाना कांड संख्या-32/08, दिनांक 10 जुलाई 2008 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 272 एवं 273 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज था.
न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए जाने के बावजूद आरोपी पिछले लगभग 15 वर्षों से फरार चल रहा था. पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा.
इसी बीच खरसावां थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने क्षेत्र में मौजूद है. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई तथा आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया.
थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों का निष्पादन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितने भी समय तक फरार रहे, कानून के हाथ उससे कहीं अधिक लंबे होते हैं. पुलिस ऐसे सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है.
पुलिस की इस कार्रवाई से फरार वारंटियों में हड़कंप मच गया है. वहीं पुलिस ने अन्य फरार वारंटियों से आत्मसमर्पण करने अथवा कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की अपील की है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

