बोकारो: जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माराफारी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को गांजा और गांजा मिश्रित सिगरेट के साथ गिरफ्तार किया है.


मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बोकारो स्टील प्लांट के गेट नंबर-09 के समीप अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगा. हालांकि गश्ती दल ने उसे पीछा कर पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान युवक के पास से गांजा जैसी सामग्री की पांच पुड़िया बरामद हुई. पूछताछ में उसकी पहचान राहुल कुमार गुप्ता उर्फ गुड्डू (26 वर्ष) के रूप में हुई, जो दुंदीबाग बाजार का निवासी है.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दुंदीबाग बाजार स्थित एक गुमटी में छापेमारी की. छापेमारी के दौरान करीब 700 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, गांजा मिश्रित सिगरेट के 76 पीस, एक सिगरेट का डिब्बा तथा 4,205 रुपये नकद बरामद किए गए.
पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में माराफारी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति करता था. अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

