चांडिल: अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी स्थित सोना डूंगरी मैदान में शुक्रवार को न्यू आदर्श बॉयज क्लब की ओर से रावण दहन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम देखने आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. मुख्य अतिथि भाजपा नेता हरेलाल महतो ने झूमर सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन किया. हरेलाल महतो इसी महीने आजसू छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं.


कार्यक्रम की शुरुआत शहीद रघुनाथ महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई. इसके बाद झूमर की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मनोरंजन किया.
‘पहले अपने भीतर के अहंकार को खत्म करें’
हरेलाल महतो ने कहा कि केवल रावण का पुतला जलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को अपने भीतर मौजूद अहंकार और बुराइयों को भी पहचानना चाहिए. उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श और जीवन मूल्यों को अपनाकर ही समाज में बुराई और अधर्म के खिलाफ सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है.

![]()
झिमड़ी के सोना डूंगरी में रावण दहन और झूमर कार्यक्रम की परंपरा पहले से रही है. पिछले वर्ष भी यहां बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में रावण दहन और झूमर संगीत-नृत्य का आयोजन हुआ था.
‘मेरे राजनीतिक भविष्य की चिंता विरोधियों को ज्यादा’
इस दौरान हरेलाल महतो ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि वह चुनाव हारें या जीतें और उनका राजनीतिक भविष्य क्या होगा, इसकी चिंता उनसे ज्यादा उनके विरोधियों को रहती है. उन्होंने कहा कि वह इस माटी के सम्मान और गरीब-दुखी परिवारों की सेवा के लिए काम करते रहेंगे.

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष मनोरंजन महतो, जिला महामंत्री आकाश महतो, प्रो. रविशंकर मौर्या, मुखिया सरस्वती सिंह मुंडा, उपमुखिया विजय महतो, पंचायत समिति सदस्य पद्मलोचन महतो, नारायण गोप, भरत महतो, अन्नपूर्णा महतो, ग्राम प्रधान अश्विनी महतो और मेला समिति अध्यक्ष गणेश चंद्र महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

