चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड परिसर स्थित मानकी-मुंडा भवन में शुक्रवार को गोईलकेरा पीढ़ के मानकी चंद्रशेखर मेराल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. इस दौरान प्रखंड प्रमुख निरूमानी कोड़ाह के प्रयास से 15वीं वित्त आयोग की पंचायत समिति मद से उपलब्ध कराए गए फर्नीचर का मानकी-मुंडा संघ को विधिवत हस्तांतरण किया गया. बैठक में पेसा नियमावली, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई. मानकी-मुंडा भवन के लिए 100 कुर्सियां, 4 रिवॉल्विंग ऑफिस चेयर और 3 ऑफिस डेस्क टेबल उपलब्ध कराए गए हैं. इससे भवन में बैठकों के आयोजन एवं कार्यालयीन कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी.


बैठक में गोइलकेरा के अंचल अधिकारी विवेक कुमार ने संबंधित मुंडाओं को ग्राम सभाओं का गठन करने तथा ग्राम सभा के नाम से शून्य शेष राशि (जीरो बैलेंस) पर बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा। साथ ही जिन क्षेत्रों में मुंडा एवं डाकुवा के पद रिक्त हैं, वहां नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर जोर दिया गया.

पंचायती राज विभाग, झारखंड सरकार के पत्रांक 01 स्था० (वि०)-10/2026, ज्ञापांक 804, दिनांक 12 मार्च 2026 में अनुसूचित क्षेत्रों में पंचायत उपबंधों के विस्तार से संबंधित झारखंड नियमावली, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम सभा को प्रशासनिक रूप से सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए हैं. इसमें विशेष ग्राम सभा का आयोजन, सहायक सचिव का चयन, ग्राम सभा कार्यालय के लिए भवन का चयन तथा बैंक/डाकघर में खाता खोलने जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं. बैठक में इन निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में जिला परिषद सदस्य ज्योति मेराल, पंचायती राज प्रखंड समन्वयक मिथुन नायक, मानकी प्रेम प्रकाश बोयपाई, मानकी चंद्रशेखर मेराल, मानकी जय सिंह अंगरिया, आदिवासी हो समाज महासभा के प्रखंड अध्यक्ष सह पेसा एसएलएमटी पातोर जोंको, मुखिया सुनीता मेराल, बानी सिन्हा, सोमबारी बहान्दा, द्रोपदी पुरती, बुधन पुरती, कृष्ण डांगिल, गोमा अंगरिया, करण चेरोवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट :जयंत प्रमाणिक

