चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बनजीरा गांव में गुरुवार की देर रात अज्ञात लोगों ने घर के बाहर खड़े एक छोटा हाथी सवारी वाहन में आग लगा दी. इस घटना में वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो गया. हालांकि, वाहन मालिक की तत्परता से वाहन पूरी तरह जलने से बच गया.


जानकारी के अनुसार, बनजीरा गांव निवासी गौतम महतो का छोटा हाथी सवारी वाहन उनके घर के बाहर खड़ा था. गुरुवार की देर रात अज्ञात लोगों ने वाहन में आग लगा दी. आग लगने की जानकारी मिलने पर गौतम महतो घर से बाहर निकले, लेकिन तब तक वाहन का अधिकांश हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था. उन्होंने किसी तरह आग बुझाई, जिससे वाहन पूरी तरह जलने से बच गया.
घटना के बाद शुक्रवार की सुबह वाहन मालिक गौतम महतो सोनुआ थाना पहुंचे और अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. आग लगने के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

