चाईबासा: सोनुआ प्रखंड के बारी पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय राखासाई में चारदीवारी निर्माण कार्य का बुधवार को विधिवत शिलान्यास किया गया. स्थानीय विधायक जगत माझी ने पूजा-अर्चना एवं शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की. यह निर्माण कार्य लघु सिंचाई प्रमंडल के माध्यम से कराया जाएगा.


शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक को विद्यालय में कमरों की कमी से अवगत कराया. इसके बाद विधायक ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इसी वित्तीय वर्ष मध्य विद्यालय एवं उच्च विद्यालय के लिए छह-छह नए कमरों का निर्माण कराया जाएगा.

विधायक जगत माझी ने कहा कि जिले में विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं है. कई बार जनप्रतिनिधियों अथवा प्रशासन तक सही जानकारी नहीं पहुंच पाने के कारण समस्याओं के समाधान में विलंब होता है. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और बच्चों को आवश्यक संसाधनों की किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि जिले के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सभी उच्च विद्यालयों में संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ चारदीवारी एवं छात्रावास जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया. कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक, मुखिया सुनीता गाराई, पंचायत समिति सदस्य सुमित्रा कोड़ा, कुंती दोंगो, लघु सिंचाई प्रमंडल के सहायक अभियंता अनिल कुमार, कनीय अभियंता सुजीत कुमार, अमित कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, पूर्व मुखिया अमित अंगरिया, हेमचंद महतो, मानकिशोर प्रधान, काजल प्रधान, अजीत प्रधान, चुन्नू प्रधान, नारायण बागी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

