सरायकेला: झारखंड की प्रतिष्ठित 13वीं सीनियर राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां की टीम अपने दमखम का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है. तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिले के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी राज्य की विभिन्न मजबूत टीमों के बीच अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे.


झारखंड राज्य कबड्डी संघ के संयुक्त तत्वावधान तथा धनबाद जिला कबड्डी संघ की मेजबानी में 5 जून से 7 जून तक धनबाद स्थित डॉ. जे.के. सिंह मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. राज्य स्तरीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों की महिला एवं पुरुष टीमें भाग लेंगी.
सरायकेला जिला कबड्डी संघ की ओर से भी महिला एवं पुरुष वर्ग की टीम प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी. खिलाड़ियों का चयन पूर्व में आयोजित चयन शिविर के माध्यम से किया गया था. चयन के बाद से सभी खिलाड़ी नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं.
जिला कबड्डी संघ के सचिव शंभू सेन ने बताया कि सरायकेला-खरसावां की टीम 4 जून को जमशेदपुर से धनबाद के लिए रवाना होगी. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण शिविर के दौरान कड़ी मेहनत की है और टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.
कोल्हान प्रभारी श्यामल दास, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार पोद्दार तथा कोषाध्यक्ष बहादुर कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विश्वास जताया कि सरायकेला-खरसावां की महिला एवं पुरुष टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी. उन्होंने कहा कि जिले में कबड्डी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी.
खेल प्रेमियों और कबड्डी खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का माहौल है. सभी की निगाहें अब धनबाद में होने वाले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां सरायकेला-खरसावां की टीम जिले के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



