जमशेदपुर: झारखंड के जाने-माने उद्योगपति, आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एवं पद्मावती सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के प्रमुख एसके बेहरा ने कहा कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल पार्क में बन रहा पद्मावती सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल केवल एक चिकित्सा संस्थान नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक नई पहचान और धरोहर साबित होगा. उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और बहुत जल्द यह आम लोगों की सेवा के लिए शुरू कर दिया जाएगा.



एसके बेहरा ने कहा कि किसी भी अस्पताल की सबसे बड़ी पहचान केवल अत्याधुनिक मशीनें नहीं होतीं, बल्कि वहां आने वाले मरीजों के साथ किया जाने वाला व्यवहार होता है. उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि अस्पताल में प्रवेश करते ही मरीज को आत्मीयता और विश्वास का अनुभव हो.
उन्होंने कहा, “यदि अस्पताल के रिसेप्शन में प्रवेश करते ही मरीज का 25 प्रतिशत तनाव कम हो जाए, डॉक्टरों और स्टाफ के सकारात्मक व्यवहार से 25 प्रतिशत राहत मिल जाए और शेष 25 प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण इलाज से दूर हो जाए, तभी किसी अस्पताल की वास्तविक सफलता मानी जाएगी.”
उन्होंने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध होगी. राज्य से बाहर विभिन्न बड़े अस्पतालों में कार्यरत कई अनुभवी डॉक्टर भी यहां सेवा देने में रुचि दिखा रहे हैं. इससे झारखंड के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
औद्योगिक विकास के साथ बेहतर आधारभूत संरचना भी जरूरी
एसके बेहरा ने कहा कि झारखंड की नई औद्योगिक नीति काफी अच्छी है, लेकिन उसका प्रभावी क्रियान्वयन होना भी उतना ही आवश्यक है. उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास के साथ सड़क, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं पर भी सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए.
उन्होंने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों पर चिंता जताते हुए कहा कि यह क्षेत्र राज्य की औद्योगिक राजधानी माना जाता है, लेकिन यहां की सड़कों की स्थिति काफी खराब है. इससे उद्योगों और आम लोगों दोनों को परेशानी होती है.
जमशेदपुर में एयरपोर्ट की जरूरत
एसके बेहरा ने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक और व्यावसायिक शहर के लिए अपना एयरपोर्ट समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि इससे उद्योग, व्यापार, निवेश और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी.
उन्होंने रांची-टाटा मार्ग की खराब होती स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण रांची एयरपोर्ट तक पहुंचने में पहले की तुलना में अधिक समय लगने लगा है. सरकार को इस दिशा में भी प्राथमिकता के आधार पर काम करना चाहिए.
उन्होंने विश्वास जताया कि पद्मावती सुपर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों, बेहतर प्रबंधन और मानवीय सेवा के माध्यम से झारखंड के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा तथा राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगा.





