आदित्यपुर: विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर सरायकेला- खरसावां जिले में ग्रामीण समुदायों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पहल की शुरुआत की गई. आरएसबी फाउंडेशन द्वारा ‘कैंसर स्क्रीनिंग ऑन व्हील्स’ सेवा के तहत मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.

आरएसबी ट्रांसमिशन्स (इंडिया) लिमिटेड यूनिट-1 परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एसके बेहरा तथा हेड- सीएसआर एवं आरएसबी फाउंडेशन की निदेशक श्रीमती प्रियंका बेहरा ने संयुक्त रूप से यूनिट को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया.
करीब एक वर्ष की योजना और तैयारी के बाद इस विशेष वैन को गम्हरिया स्थित यूनिट वन से औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया. इस मौके पर आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके. बेहेरा, सीएसआर प्रमुख सुश्री प्रियंका बेहेरा, श्रीमती जया सिंह, सचीकांत त्रिपाठी, एमटीएमएच के प्रशासनिक प्रमुख अमिताभ चटर्जी, जमशेदपुर कैंसर सोसाइटी की वाइस चेयरपर्सन डॉ. सुजाता मित्रा, रोटरी क्लब के प्रेसिडेंट अशोक झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
बताया गया कि यह पहल ‘प्रोजेक्ट सम्भावी’ के अंतर्गत शुरू की गई है. इसका उद्देश्य दूरदराज़ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर कैंसर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है. वक्ताओं ने कहा कि कैंसर की प्रारंभिक पहचान से इलाज की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है. मोबाइल यूनिट के माध्यम से उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी, जिनके लिए अस्पताल तक पहुंचना कठिन होता है.
आरएसबी फाउंडेशन “सेवा में विनम्रता” के मूल मंत्र के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है. यह परियोजना कॉरपोरेट, सामाजिक संस्थाओं और स्वास्थ्य संस्थानों के साझा प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है. एमटीएमएच, टाटा स्टील फाउंडेशन और रोटरी क्लब के सहयोग से इस पहल को धरातल पर उतारा गया है.
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और समय पर जांच के जरिए कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने की दिशा में यह एक सार्थक कदम माना जा रहा है.

