रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं तथा राजधानी रांची में जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी राज्यपाल को दी.



मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए परीक्षा प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और युवाओं के विश्वास को बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कथित अनियमितताओं को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि आयोगों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे उनकी विश्वसनीयता और पारदर्शिता पर किसी प्रकार का प्रश्नचिह्न न लगे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार छात्रों के साथ न्याय करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. बैठक के दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे.





