सरायकेला/ Pramod Singh रांची के मारवाड़ी भवन में आयोजित भव्य समारोह में नव- निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया, जहां सेवा, नेतृत्व और समाज के विकास का मजबूत संदेश दिया गया.

झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी सहायक समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर निकाय चुनाव में विजयी मेयर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों को सम्मानित किया गया.
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, चंद्रशेखर अग्रवाल और संजीव विजयवर्गीय उपस्थित रहे. वहीं विशिष्ट अतिथियों में ईशा जैन, मानगो की मेयर सुधा गुप्ता और सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान सुरेश अग्रवाल, विनोद जैन, पवन शर्मा, सुभाष पटवारी और ओमप्रकाश अग्रवाल ने समाज के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया.
सम्मान प्राप्त करते हुए मनोज कुमार चौधरी ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया और समाज के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे और समाज व क्षेत्र की सेवा को प्राथमिकता देंगे.
समारोह में अन्य अतिथियों ने भी समाज की एकता, सहयोग और विकास पर अपने विचार साझा किए. अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार प्रकट किया गया. यह कार्यक्रम केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा और जिम्मेदारी निभाने के संकल्प का सशक्त मंच बनकर उभरा.

