रामगढ़: झारखंड के चर्चित सुमित अग्रवाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है. प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह नशीले कारोबार और रुपये के लेनदेन में वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है.



पुलिस के अनुसार. रामगढ़ थाना क्षेत्र के न्यू बगीचा में सुमित अग्रवाल की हत्या के मामले में उनकी पत्नी के बयान पर 29 जून 2026 को रामगढ़ थाना कांड संख्या 205/2026 दर्ज किया गया था. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया.
जांच के दौरान मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पहले सूरज कुमार दास उर्फ छोटू. निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा. रामगढ़ को गिरफ्तार किया था. जिसे 1 अगस्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.
अनुसंधान आगे बढ़ने पर पुलिस को हत्याकांड की साजिश में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमित कुमार सोनी और अभिषेक कुमार साव को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने दोनों को हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया है.
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की. बरामद सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया है.
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अकरम रजा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नशीले कारोबार और रुपये के लेनदेन में वर्चस्व को लेकर विवाद के बाद हत्या की साजिश रचे जाने की बात सामने आई है. हालांकि मामले की जांच अभी जारी है. पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.





