आदित्यपुर: वृद्ध शांति निकेतन के संस्थापक अध्यक्ष, सह आदित्यपुर रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य एवं कला निकेतन विद्या मंदिर के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय आरएस. सिंह की 87वीं जयंती सोमवार को रोड नंबर-32, आदित्यपुर-दो स्थित कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर कैतुका परिवार की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.



सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय आरएस. सिंह के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2000 में वृद्ध शांति निकेतन की स्थापना कर वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसा मंच तैयार किया, जहां वे एक-दूसरे के साथ समय बिताने के साथ समाजहित के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा सकें. आज यह संस्था समाज की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है.
वक्ताओं ने यह भी स्मरण किया कि स्वर्गीय सिंह वर्ष 1975 में कला निकेतन स्कूल की स्थापना में सक्रिय रहे तथा आदित्यपुर रेलवे टनल आंदोलन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनके सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उपस्थित लोग भावुक हो उठे.
इस अवसर पर दर्जनों जरूरतमंद स्कूली बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया तथा उन्हें नियमित अध्ययन कर उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया.
श्रद्धांजलि सभा में वृद्ध शांति निकेतन के अध्यक्ष चंद्रमा पांडे, दुखहरण पंडित, सचिव निहार रंजन होर, ए.पी. रस्तोगी, सुनील झा, अधिवक्ता ओम प्रकाश, सच्चिदानंद सिंह, मधेश्वर सिंह, वकील सिंह, महेंद्र प्रसाद, मदन सिंह, अशोक कुमार, आनंद प्रकाश, सुनील कुमार, प्रकाश कश्यप, पीयूष कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे.





