रामगढ़: जिले के पतरातु थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई.

जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल की रात करीब 8 बजे सूचना मिली थी कि सोलिया गांव निवासी अनीश अंसारी अवैध हथियार के साथ घूम रहा है. सूचना के सत्यापन के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोलिया गांव में दबिश दी और संदिग्ध अनीश अंसारी से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर उसके घर से टर्की निर्मित ZIGANA कंपनी का 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह पिस्टल उसे राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य द्वारा फायरिंग की घटना के बाद छिपाने के लिए दिया गया था. पुलिस इस कनेक्शन को लेकर भी जांच में जुट गई है.
इस मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 101/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय अनीश अंसारी, पिता ताहिर अंसारी, निवासी सोलिया, थाना पतरातु, जिला रामगढ़ के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. वर्ष 2021 में उसके खिलाफ जबरन वसूली समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया था. छापेमारी दल में पतरातु थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है.

