खूंटी: जिले के मुरहू थाना क्षेत्र अंतर्गत डेहकेला गांव में रविवार देर रात अपराधियों ने घर में घुसकर फायरिंग कर सनसनी फैला दी. इस घटना में केदार अहीर के पुत्र रूसू अहीर को जांघ में गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे 4 से 5 बाइक पर सवार करीब 10 अपराधी गांव पहुंचे. अपराधियों ने सीधे केदार अहीर के घर को निशाना बनाया और घर में घुसकर मारपीट व गाली- गलौज शुरू कर दी. इसी दौरान अचानक फायरिंग की गई, जिसमें रूसू अहीर घायल हो गया.
घटना के दौरान ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में लिया, जबकि अन्य अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम गठित की गई. छापेमारी के दौरान दो आरोपियों- खुदीराम ओड़िया और जोहन मुंडा उर्फ मार्स को गिरफ्तार कर लिया गया है.
एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आपसी लेन- देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, एक फायर किया हुआ खोखा और दो मोटरसाइकिल बरामद की है. फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.
बाईट
ऋषभ गर्ग (एसपी- खूंटी)

