
राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह टाटा- चाईबासा मुख्य सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई. हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब एक 407 वाहन और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घायल युवक करीब 45 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी. इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. बाद में ग्रामीणों की मदद से घायल को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी.
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से टाटा- चाईबासा मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण, दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण तथा दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो इस व्यस्त सड़क पर दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान का सिलसिला लगातार जारी रह सकता है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल






