
जामताड़ा. जिले में आगामी मुहर्रम 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. उपायुक्त आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं.


प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस वर्ष मुहर्रम का पर्व 26 जून को मनाया जाएगा. हालांकि चांद दिखने के आधार पर तिथि में परिवर्तन संभव है. पर्व के दौरान विभिन्न अखाड़ों द्वारा ताजिया जुलूस, गाजे-बाजे एवं पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन को देखते हुए पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है.
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 05 विशेष क्यूआरटी टीमों को वीडियो कैमरों के साथ दंडाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ तैनात किया गया है. इसके अतिरिक्त 96 स्थानों पर जुलूस मार्ग में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है, जबकि 139 स्थलों पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है.
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्ती दलों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है. साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स एवं अन्य माध्यमों की सघन निगरानी करने का आदेश दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ताजिया जुलूस केवल निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे. किसी भी प्रकार के संवेदनशील या विवादित मार्गों से जुलूस को गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 एवं 126 के तहत तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी.
सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बलों को 25 जून की शाम 4 बजे से 27 जून तक अथवा जुलूस समाप्ति एवं स्थिति सामान्य होने तक अपने-अपने तैनाती स्थल पर बने रहने का निर्देश दिया गया है.
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिले में 05 क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) सक्रिय रहेगी. इनमें नारायणपुर, नाला एवं जामताड़ा क्षेत्रों में विशेष तैनाती की गई है. स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम तैयार रखने, बिजली विभाग को ताजिया मार्गों पर विद्युत तारों की जांच एवं आवश्यकता अनुसार बिजली आपूर्ति बंद करने का निर्देश दिया गया है. वहीं अग्निशमन विभाग को भी 25 जून से अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है.
जिले में 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय रहेगा, जहां अतिरिक्त सशस्त्र बल, महिला पुलिस, वीडियोग्राफी टीम, बज्र वाहन एवं अग्निशमन वाहन की तैनाती 25 जून से 27 जून तक सुनिश्चित की गई है. प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या तनाव की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी, ताकि मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






