
बोकारो: जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को प्रेम प्रसंग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. जहां तेलो गांव स्थित बुधुबांध के पास लगे जियो टावर पर एक होमगार्ड जवान अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर चढ़ गया. करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम से इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बना रहा.


जानकारी के अनुसार, सिद्धि निवासी प्रेम कुमार कोइरी का तेलो गांव की एक युवती से पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था. स्थानीय लोगों का दावा है कि युवती को होमगार्ड की नौकरी दिलाने में भी प्रेम कुमार ने काफी सहयोग किया था. लेकिन हाल ही में युवती के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, जिससे आहत होकर युवक टावर पर चढ़ गया.
टावर पर चढ़कर युवक लगातार अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग करता रहा. घटना की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा थाना पुलिस और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने काफी देर तक समझाने- बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया.
युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे अपने साथ थाना ले गई. पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही और कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए. प्रशासन ने बताया कि प्राथमिकता युवक की सुरक्षित जान बचाना था. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






