राजनगर: प्रखंड क्षेत्र में जन वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित होने से कार्डधारियों की परेशानी बढ़ गई है. राजनगर प्रखंड के करीब 60 राशन डीलरों को अब तक खाद्यान्न उपलब्ध नहीं हो पाया है. वही डीलर संघ के महामंत्री पप्पू राय ने कहा कि पीडीएस गोदाम में अनाज पहुंच चुका है. ऐसे में राशन का इंतजार कर रहे लाभुकों में बेचैनी बढ़ती जा रही है.


राजनगर प्रखंड में करीब 100 पीडीएस डीलर हैं. इनमें लगभग 40 डीलरों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि करीब 60 डीलर अब भी राशन मिलने का इंतजार कर रहे हैं. राशन वितरण में देरी के कारण संबंधित दुकानों से जुड़े कार्डधारी लगातार डीलरों के पास पहुंचकर राशन मिलने की जानकारी ले रहे हैं.
गोदाम में अनाज, आवंटन नहीं होने से परेशानी. राशन डीलरों का कहना है कि गोदाम में खाद्यान्न उपलब्ध रहने के बावजूद आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है. इस कारण वे अपने क्षेत्र के कार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं. डीलरों ने जल्द से जल्द आवंटन प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है.
बताया जा रहा है कि प्रशासनिक स्तर पर हुए बदलाव के बाद राजनगर में एमओ और एजीएम के पदभार में परिवर्तन हुआ है. इसके कारण राशन के आवंटन और वितरण से जुड़ी प्रक्रिया प्रभावित हुई है. इसका सीधा असर पीडीएस दुकानदारों और लाभुकों पर पड़ रहा है.
60 डीलर पहुंचे पीडीएस गोदाम. राशन नहीं मिलने से परेशान करीब 60 पीडीएस डीलर राजनगर स्थित पीडीएस गोदाम पहुंचे और जल्द खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की. डीलरों ने कहा कि कार्डधारी लगातार राशन के लिए पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन आवंटन नहीं होने के कारण वे भी असहाय हैं.
सरायकेला के एमओ को मिल सकता है अतिरिक्त प्रभार. इधर, जिला प्रशासन के निर्देश पर सरायकेला के एमओ को राजनगर का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी है. इसके बाद राशन आवंटन और वितरण की प्रक्रिया जल्द सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है. डीलरों को उम्मीद है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार से खाद्यान्न मिलना शुरू हो सकता है.
राशन डीलरों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवंटन जारी किया जाए, ताकि दुकानदार समय पर राशन का उठाव कर सकें और कार्डधारियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सके.
अब बुधवार पर टिकी नजर. राशन वितरण को लेकर अब डीलरों और कार्डधारियों की निगाह बुधवार पर टिकी है. यदि समय पर आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो जाती है और डीलरों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है, तो पिछले कई दिनों से चली आ रही परेशानी से हजारों लाभुकों को राहत मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

