साहिबगंज: जिले के राजमहल में सोमवार शाम सड़क दुर्घटना में मजदूर महावीर उरांव की दर्दनाक मौत हो गई. महावीर मजदूरी करने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान वह सड़क दुर्घटना का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गए.


घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
मौत की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया गया. करीब एक से दो घंटे तक चले जाम के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा.
सूचना मिलने पर राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाया तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका. पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

