राजनगर: सावन की दूसरी सोमवारी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 51वें जन्मदिन के अवसर पर प्राचीन भीमखंदा प्रांगण में सोमवार को एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. टाटा स्टील फाउंडेशन और भीमखंडा विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया.



कार्यक्रम में झामुमो नेता सह शिक्षाविद प्रोफेसर केपी सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की.

उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है. आपात स्थिति में रक्तदान ही जरूरतमंद मरीज की जान बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है. उन्होंने सभी रक्तदाताओं की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.
रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए रेनकोट और छाता देकर सम्मानित किया गया. वहीं शिविर के सफल संचालन में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों को टी शर्ट देकर सम्मानित किया गया.
शिविर का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल महतो ने किया. मौके पर छोटू राम महतो, दोल गोविंद महतो, मुखिया राम सिंह हेंब्रम, दिलीप महतो, बंगाल मार्डी, रुद्रों महतो और युगल किशोर महतो सहित कई लोग मौजूद रहे.





