जमशेदपुर: परसुडीह थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खकड़ीपाड़ा इलाके में छापेमारी कर करीब आधा किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोविंदपुर बजरंगनगर निवासी शशि कुमार भगत के रूप में हुई है.



सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खकड़ीपाड़ा इलाके में एक युवक गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और शशि कुमार भगत को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बरामद किया गया.
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह टाटा मोटर्स में ठेका कर्मी के रूप में काम करता है. आर्थिक परेशानी के कारण वह गांजा की खरीद-बिक्री में शामिल हो गया था. उसके अनुसार वह गोलमुरी निवासी बबलू सिंह से गांजा खरीदकर लाता था और स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री करता था.
पुलिस अब आरोपी के बयान के आधार पर गांजा सप्लाई करने वाले बबलू सिंह की तलाश कर रही है. साथ ही पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गांजा की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाया जा रहा है.
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





