जामताड़ा: उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में चल रहे विकास कार्यों का असर कई ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा. हावड़ा से देहरादून के बीच चलने वाली कुंभ एक्सप्रेस और उपासना एक्सप्रेस समेत चार ट्रेनों का मार्ग निर्धारित दिनों में बदला गया है. वहीं हावड़ा- अमृतसर मेल समेत तीन ट्रेनों को मार्ग में विनियमित कर चलाया जाएगा.


16 सितंबर से 12 अक्टूबर तक बदला रहेगा मार्ग
ट्रेन संख्या 13037 हावड़ा- देहरादून कुंभ एक्सप्रेस और 13035 हावड़ा- देहरादून उपासना एक्सप्रेस निर्धारित दिनों में उतरठिया- लखनऊ- आलमनगर के बजाय उतरठिया- ट्रांसपोर्ट नगर- आलमनगर मार्ग से चलेंगी. दोनों ट्रेनों को उतरठिया और आलमनगर स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा.
वापसी में ट्रेन संख्या 13038 देहरादून- हावड़ा कुंभ एक्सप्रेस और 13036 देहरादून- हावड़ा उपासना एक्सप्रेस निर्धारित दिनों में आलमनगर- लखनऊ- उतरठिया के बजाय आलमनगर- ट्रांसपोर्ट नगर- उतरठिया मार्ग से संचालित होंगी. इन ट्रेनों का ठहराव आलमनगर और उतरठिया में रहेगा.
18 सितंबर को हावड़ा- अमृतसर मेल पर बड़ा असर
लखनऊ मंडल के रायबरेली जंक्शन और गंगागंज के बीच समपार फाटक संख्या 151 और 152बी को बंद करने के लिए विकास कार्य एवं यातायात ब्लॉक लिया जाएगा. इसके कारण तीन ट्रेनों को निर्धारित अवधि के लिए विनियमित किया जाएगा.
13005 हावड़ा- अमृतसर मेल 18 सितंबर को कुल 150 मिनट विनियमित होगी. ट्रेन को पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर 90 मिनट और लखनऊ मंडल में 60 मिनट नियंत्रित किया जाएगा.
13006 अमृतसर- हावड़ा मेल 18 सितंबर को कुल 210 मिनट विनियमित होगी. इसे मुरादाबाद मंडल में 120 मिनट और लखनऊ मंडल में 90 मिनट नियंत्रित किया जाएगा. वहीं 13168 आगरा कैंट- कोलकाता एक्सप्रेस 19 सितंबर को लखनऊ मंडल में मार्ग में 30 मिनट विनियमित होगी.
रेलवे ने यात्रियों से इन परिचालन बदलावों को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने और ट्रेन से संबंधित नवीनतम जानकारी की जांच करने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

