जमशेदपुर: आरआईटी के समीप आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में डूबे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) जमशेदपुर के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव गुरुवार सुबह सोनारी स्थित दोमुहानी क्षेत्र से बरामद कर लिया गया. चार दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद शव मिलने से परिजनों और सहपाठियों का इंतजार खत्म हुआ, लेकिन पूरे संस्थान में शोक की लहर दौड़ गई.



जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के बर्धमान निवासी मीर तनवीर हसन रविवार को अपने साथियों के साथ आसंगी चेकडैम में स्नान करने गए थे. इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में डूब गए. घटना के बाद पुलिस, प्रशासन, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया था.
लगातार चार दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने सोनारी के दोमुहानी क्षेत्र से छात्र का शव बरामद किया. सूचना मिलते ही परिजन और एनआईटी के छात्र मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मीर तनवीर हसन एनआईटी जमशेदपुर में बीटेक चौथे वर्ष के छात्र थे. उनकी असामयिक मौत से कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है. सहपाठियों और शिक्षकों ने उन्हें मेधावी एवं मिलनसार छात्र बताते हुए श्रद्धांजलि दी.
घटना के बाद छात्रों ने नदी, चेकडैम और अन्य जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है. उनका कहना है कि ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.





