जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मानगो नगर निगम के एनडीए समर्थित पार्षदों ने सोमवार को मेयर और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. निगम कार्यालय के समक्ष आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में पार्षदों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया. धरने को स्थानीय विधायक सरयू राय का भी समर्थन मिला. उन्होंने धरनास्थल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए.



विधायक सरयू राय ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन व्यक्ति विशेष के इशारे पर कार्य कर रहा है. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि नगर निगम का उपयोग वर्ष 2029 के राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है. उनका इशारा पूर्व मंत्री एवं मेयर पति बन्ना गुप्ता की ओर था. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को दरकिनार कर एनडीए समर्थित पार्षदों और उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है.
धरना दे रहे पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता का अभाव है और कमीशनखोरी चरम पर पहुंच गई है. साथ ही स्थानीय बिल्डरों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया गया.
प्रदर्शन के दौरान शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया. पार्षदों का कहना था कि एमजीएम अस्पताल को शुरू तो कर दिया गया, लेकिन वहां अब भी पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो रही है. बालिगुमा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नियमित पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा कचरा प्रबंधन व्यवस्था को भी पूरी तरह विफल बताते हुए उसमें सुधार की मांग की गई.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नगर निगम जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान में विफल रहा है. यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.





